State

भोपाल में डकैती की साजिश नाकाम, 5 बदमाश गिरफ्तार

बरखेड़ा पठानी के खंडहर क्वार्टर से पकड़े गए आरोपी, धारदार हथियार और अन्य सामान बरामद

भोपाल। गोविंदपुरा थाना पुलिस ने डकैती की साजिश रच रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात से पहले ही योजना को नाकाम कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को बरखेड़ा पठानी स्थित गायत्री मंदिर के पीछे एक खंडहर क्वार्टर से पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से नुकीले छुरे, लोहे का धारदार हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ज्वेलर्स की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने की योजना तैयार करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले ज्वेलर्स की दुकानों की रेकी कर चुके थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्मैक की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए उन्होंने चोरी और डकैती की योजना बनाई थी।

गोविंदपुरा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के आधार पर पुलिस को अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

Related Articles