भोपाल। जिले में अवैध शराब और मदिरा निर्माण के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। 24 और 25 अगस्त को पीरगेट, गांधीनगर और शांतिनगर सहित अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने की सामग्री जब्त की गई।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के निर्देश पर हुई कार्रवाई में आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध ठिकानों की जांच की। प्रभारी अधिकारी आबकारी नियंत्रण कक्ष राम गोपाल भदौरिया के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए।
3 हजार लीटर महुआ लहान जब्त
कार्रवाई के दौरान 30 बोतल विदेशी मदिरा, 20 पाव देशी मदिरा, करीब 100 लीटर हाथभट्टी मदिरा और 3,000 लीटर महुआ लहान जब्त किया गया। महुआ लहान के सैंपल लेने के बाद शेष लहान को मौके पर नष्ट किया गया।
जब्त अवैध मदिरा, महुआ लहान और वाहन समेत सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैन, आबकारी उपनिरीक्षक सत्यार्चन सिंह, विनय पाटिल सहित आबकारी विभाग के मुख्य आरक्षक और आरक्षकों का विशेष योगदान रहा। विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
