अभियान शुरू होने के दो दिन में 170 अवैध अधिभोग-अतिक्रमण बंद, कई इलाकों में कार्रवाई शुरू
भोपाल। नगर निगम भोपाल की ओर से शहर में अवैध अधिभोग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। 1 सितंबर 2026 को निगम की कार्रवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में 61 अवैध अधिभोग-अतिक्रमण संबंधित
भवन स्वामियों और अधिभोगियों ने स्वयं बंद कर दिए। अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल 170 अवैध अधिभोग-अतिक्रमण बंद कराए जा चुके हैं।
नगर निगम के अनुसार मंगलवार को कोहेफिजा, सिंधी कॉलोनी, सुभाष नगर, करोंद, न्यू एमपी-एमएलए क्वार्टर, इकबाल मैदान, बागमुगालिया, सीटीओ बैरागढ़ और हलालपुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
नोटिस के बाद खुद बंद किए प्रतिष्ठान
निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन स्वामियों और अधिभोगियों को पहले ही नगर पालिक निगम अधिनियम की धारा 11 और धारा 303 (1) के तहत सूचना पत्र जारी किए गए थे। नोटिस के माध्यम से अवैध अधिभोग-अतिक्रमण स्वयं हटाने और बंद करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्धारित समय-सीमा में संबंधित लोगों ने स्वयं अपने प्रतिष्ठानों और अवैध अधिभोग को बंद कर दिया। निगम के मुताबिक 1 सितंबर की कार्रवाई में बंद किए गए सभी 61 अधिभोग स्वामियों द्वारा स्वेच्छा से बंद किए गए हैं।
कई इलाकों में कार्रवाई शुरू
नगर निगम की सूची के अनुसार मुस्कान गार्डन, संत हिरदाराम नगर, दुर्गेश विहार, जेके रोड, न्यू जेल रोड, करोंद, इकबाल मैदान और बैरागढ़ की चंचल रोड सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई शुरू की गई।
बैरागढ़ के वार्ड-4 और अन्य चिन्हित क्षेत्रों में भी निगम की टीम ने अवैध अधिभोग-अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की।
जोन 17 और 20 में विवाद की स्थिति
निगम के अनुसार कार्रवाई के दौरान जोन 17 और जोन 20 में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके कारण कुछ स्थानों पर अधिभोग-अतिक्रमण को बंद कराने की आगे की कार्रवाई नहीं की जा सकी।
31 अगस्त से अभियान, अब तक 170 बंद
नगर निगम ने बताया कि शहर में यह अभियान 31 अगस्त 2026 से शुरू किया गया है। अभियान के तहत 1 सितंबर तक कुल 170 अवैध अधिभोग-अतिक्रमण बंद कराए जा चुके हैं।
निगम ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अधिभोग-अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आवश्यकता के अनुसार फोर्स सीलिंग की कार्रवाई भी की जाएगी।
