भोपाल मंडल में अनाधिकृत वेंडरों पर रेलवे की सख्ती, 47 पर कार्रवाई

भोपाल। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खान-पान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अगस्त में चलाए गए अभियान के दौरान 25 से अधिक यात्री ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान अनाधिकृत रूप से खान-पान सामग्री बेचने वाले 47 वेंडरों पर कार्रवाई करते हुए ₹90,000 का जुर्माना वसूला गया।

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस, रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस, हैदराबाद-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हापा-नाहरलगुन स्पेशल, हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम एक्सप्रेस और बनारस-उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में जांच की गई।

रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई

जांच के दौरान अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचते मिले वेंडरों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। रेलवे का कहना है कि स्टेशनों और ट्रेनों में अधिकृत खान-पान व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है और अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

यात्रियों से की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन या स्टेशन पर केवल अधिकृत वेंडरों और अधिकृत खान-पान स्टॉल से ही खाद्य सामग्री खरीदें। किसी अनधिकृत वेंडर के दिखाई देने पर तत्काल रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दें। रेलवे के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने के साथ ट्रेनों में अनधिकृत वेंडिंग पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

Exit mobile version