भोपाल जनसुनवाई में 163 आवेदन, धर्मशाला पर कब्जे और स्कूल मामले की शिकायतें पहुंचीं

भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। एडीएम सुमित पांडेय, पीसी शाक्य और प्रकाश नायक ने आवेदकों से चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को मामलों के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 163 आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
सिंधी धर्मशाला पर कब्जे का आरोप
गांधीनगर पूज्य सिंधी पंचायत के निर्वाचित अध्यक्ष अशोक प्रेमानी ने दुबई महिला मंडल धर्मशाला और उससे जुड़ी दुकानों पर कब्जे का आरोप लगाते हुए शिकायत की। आवेदन में रमेश हिंगोरानी, योगेश, निलेश और मोहित हिंगोरानी पर फर्जी मालिकाना हक जताने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2002 में ट्रस्ट ने धर्मशाला पंचायत को सौंप दी थी। आरोप है कि दुकानों की छत ₹52 लाख में बेचने और किराये की राशि निजी उपयोग में लेने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायत ने धर्मशाला को कब्जे से मुक्त कराने, राशि वापस दिलाने और जीर्णोद्धार की मांग की है।
अशोक प्रेमानी ने 3 अगस्त को झूलेलाल मार्केट में हमला किए जाने का भी आरोप लगाया। उनका दावा है कि शिकायत करने थाने पहुंचने पर आरोपी की पत्नी ने छेड़खानी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पंचायत ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज होने की बात भी आवेदन में कही है। एडीएम सुमित पांडेय ने मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।
ईस्टर्न पब्लिक स्कूल मामले में कार्रवाई की मांग
गांधीनगर-अब्बास नगर स्थित ईस्टर्न पब्लिक स्कूल से जुड़े मामले में अभिभावक नाजिया हसीब ने दोबारा जनसुनवाई में शिकायत की। उनका आरोप है कि 30 जून को कलेक्टर ने 15 दिन में कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन 25 अगस्त तक स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अभिभावक के अनुसार स्कूल प्रबंधन ने आठ बच्चों की टीसी जारी कर दी है। उनका कहना है कि छुट्टियों के दौरान स्कूल बुलाने के संबंध में व्हाट्सऐप ग्रुप पर भेजे गए संदेश का अभिभावकों ने विरोध किया था, जिसके बाद बच्चों के भविष्य को प्रभावित करने वाली कार्रवाई की गई। उन्होंने मामले में शीघ्र जांच और कार्रवाई की मांग की है।





