नवंबर 2026 से लागू होगी नई व्यवस्था, दोनों ट्रेनों में कोचों की संख्या में बदलाव
भोपाल। यात्रियों की सुविधा और उपलब्ध यात्री भार के अनुसार रेल परिचालन को बेहतर बनाने के लिए भोपाल मंडल से संबंधित भोपाल-खातीपुरा-भोपाल एक्सप्रेस और जयपुर-भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस की कोच संरचना में बदलाव किया जा रहा है। संशोधित कोच संरचना नवंबर 2026 से अलग-अलग तिथियों पर लागू होगी।
भोपाल-खातीपुरा एक्सप्रेस में 22 कोच
गाड़ी संख्या 19711 खातीपुरा-भोपाल एक्सप्रेस की संशोधित कोच संरचना 16 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी। वहीं गाड़ी संख्या 19712 भोपाल-खातीपुरा एक्सप्रेस में यह बदलाव 17 नवंबर 2026 से लागू होगा।
नई कोच संरचना में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 4 सामान्य श्रेणी, 6 स्लीपर, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 5 थर्ड एसी, 2 सेकेंड एसी, 1 फर्स्ट एसी और 2 जनरेटर कार शामिल हैं।
जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस में 18 कोच
गाड़ी संख्या 14813 जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस की संशोधित कोच संरचना 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। वहीं गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में बदलाव 2 नवंबर 2026 से प्रभावी होगा।
इस ट्रेन की नई संरचना में कुल 18 कोच होंगे। इनमें 4 सामान्य श्रेणी, 6 स्लीपर, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 3 थर्ड एसी, 1 सेकेंड एसी, 1 फर्स्ट एसी, 1 एसएलआरडी और 1 जनरेटर कार शामिल है।
यात्रा से पहले जांच लें कोच संरचना
रेल प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा और परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ट्रेनों की कोच संरचना में बदलाव किया जाता है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन कोच संरचना और अन्य जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) या रेल मदद 139 के माध्यम से प्राप्त कर लें।
