भोपाल। हुजूर तहसील के ग्राम खेजड़ादेव में कृषि भूमि पर कथित रूप से अवैध प्लॉटिंग कर जमीन बेचने और निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर भूमि स्वामियों ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम खेजड़ादेव में स्थित कृषि भूमि खसरा नंबर 173/1/2/1/1, रकबा 0.4820 हेक्टेयर पर भू-माफिया नबाव खां पिता सत्तार खां द्वारा कथित तौर पर बिना आवश्यक अनुमति, कलेक्टर गाइडलाइन और मूलभूत सुविधाओं के प्लॉट बेचे गए। शिकायत में पूजा गर्ग और अनूप गर्ग के नाम दो प्लॉटों का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि बिना सीमांकन कराए ही दोनों को प्लॉट बेच दिए गए।
दूसरे खसरे की जमीन पर कब्जे का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उक्त प्लॉटों का कब्जा खसरा नंबर 173/2, रकबा 0.3000 हेक्टेयर की भूमि पर दिया गया, जो दीपक मीना, करन सिंह मारन तथा उनके परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज है। भूमि स्वामियों का कहना है कि उन्होंने तहसील कार्यालय और पुलिस थाने में नबाव खां द्वारा कथित रूप से किए गए कब्जे की शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पटवारी को जांच के निर्देश, कार्रवाई नहीं होने का आरोप
मामले में हल्का पटवारी तरुण श्रीवास्तव को मौके का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन और पंचनामा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसके बावजूद मौके पर जांच की कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायत में यह भी बताया गया कि संजय अग्रवाल को उनके द्वारा खरीदे गए प्लॉट से संबंधित दस्तावेजों के साथ 20 फरवरी 2025 को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वे निर्धारित तारीख पर दस्तावेज लेकर उपस्थित नहीं हुए।
बाउंड्रीवॉल निर्माण को लेकर विवाद
शिकायत के मुताबिक पूजा गर्ग द्वारा दोनों प्लॉट संजय अग्रवाल को बेच दिए गए। इसके बाद संजय अग्रवाल द्वारा मौके पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा था। भूमि स्वामी दीपक मीना ने निर्माण का विरोध करते हुए जमीन को अपनी बताया। शिकायत में संजय अग्रवाल पर कथित रूप से विवादित बयान देने का भी आरोप लगाया गया है।
इस मामले में 28 जनवरी 2025 को तहसीलदार के समक्ष अवैध निर्माण रोकने के लिए आवेदन दिए जाने का उल्लेख है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार तहसीलदार कार्यालय से पत्र क्रमांक 403/रीडर/2025 के माध्यम से कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे।
जून 2026 में कलेक्टर से शिकायत
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने 16 जून 2026 को कलेक्टर भोपाल के समक्ष भी आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसका जन शिकायत क्रमांक 38967522 है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य जारी है।
भूमि स्वामियों ने प्रशासन से पूरे मामले की राजस्व रिकॉर्ड, सीमांकन और मौके की स्थिति के आधार पर जांच कराने, कथित अवैध प्लॉटिंग एवं निर्माण पर रोक लगाने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। मामले में संबंधित अधिकारियों और आरोपित पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
