यात्री दिल्ली से कोपनहेगन की फ्लाइट पकड़ने रवाना हुआ था, टर्मिनल मैनेजर की मदद से भाई को सौंपा बैग
भोपाल, 7 सितंबर 2026। भोपाल एयरपोर्ट पर एक यात्री का लाखों रुपए की ज्वेलरी और नकदी से भरा हैंडबैग छूट गया। एयरपोर्ट प्रबंधन और CISF की तत्परता से बैग सुरक्षित बरामद कर यात्री के परिजन को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र पटेल 4 सितंबर 2026 की सुबह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट से भोपाल से दिल्ली रवाना हुए थे। दिल्ली से उन्हें कनेक्टिंग फ्लाइट से कोपनहेगन जाना था। इसी दौरान उनका पिंक रंग का हैंडबैग भोपाल एयरपोर्ट पर ही छूट गया।
बैग में करीब 5 हजार रुपए नकद और लगभग 10 लाख रुपए कीमत की सोने की ज्वेलरी रखी थी। दिल्ली पहुंचने के बाद बैग छूटने की जानकारी होने पर सत्येंद्र पटेल ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के टर्मिनल मैनेजर कीर्ति वर्धन से फोन पर संपर्क किया।
CISF की मदद से बरामद हुआ बैग
टर्मिनल मैनेजर ने तत्काल CISF से संपर्क किया और एयरपोर्ट पर बैग की तलाश कराई। बैग बरामद होने के बाद उसे सुरक्षित रखा गया और यात्री के भाई धनेंद्र पटेल को सौंप दिया गया।
यात्री सत्येंद्र पटेल ने एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर और CISF की तत्परता, सहयोग और सहायता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। एयरपोर्ट प्रबंधन की इस कार्रवाई से यात्री को लाखों रुपए की ज्वेलरी और नकदी सुरक्षित वापस मिल सकी।
