State

ब्रेकिंग न्यूज़: भोपाल में सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

छोला थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस प्रथम दृष्टया हादसा मानकर कर रही जांच

भोपाल। छोला थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जीशान उद्दीन, निवासी भानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जीशान देर रात अपने माता-पिता के घर से एक्टिवा से भानपुर स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने इसे सामान्य सड़क हादसा मानने पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि घटनास्थल पर मृतक का शव एक स्थान पर, चप्पल दूसरे स्थान पर और एक्टिवा वाहन अलग जगह मिला, जिससे उन्हें घटना संदिग्ध लग रही है।

वहीं पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतक का शव फिलहाल पीपल्स अस्पताल में रखा गया है। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना के संबंध में अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।

Related Articles