बीडीए की योजनाओं की समीक्षा, देरी पर आयुक्त ने जताई नाराजगी

विकास कार्य तय समय में पूरे करने के निर्देश, निर्माण की गुणवत्ता पर भी रहेगी नजर

भोपाल। भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) में बुधवार को संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें शहर में चल रही प्रमुख योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों से लंबित कार्यों, उनकी वर्तमान स्थिति और उन्हें पूरा करने की समयसीमा के बारे में जानकारी मांगी गई।

बैठक में शिक्षा-ज्ञान एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता नगर, सरदार वल्लभ भाई योजना, मिसरोद, पीएसपी भूखंड और भोपाल महानगर क्षेत्र से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

निर्माण की गुणवत्ता जांचने के निर्देश

आयुक्त ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित जांच कराने और निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। योजनाओं में सड़क, पेयजल, सीवरेज और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा गया।

बैठक में लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के साथ बीडीए की बिक्री योग्य संपत्तियों और आगामी योजनाओं की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को परियोजनाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने कहा कि काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाए। बैठक में इस बात पर जोर रहा कि बीडीए की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि समय पर उनका लाभ शहरवासियों को जमीन पर दिखाई दे।

Exit mobile version