सामान्य कचरे के साथ मिला बड़ी मात्रा में जैव-चिकित्सकीय कचरा, पहले भी लग चुका है जुर्माना
भोपाल, 31 अगस्त। भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। नगर निगम की टीम ने सोमवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सामान्य कचरे के साथ बड़ी मात्रा में जैव-चिकित्सकीय कचरा मिला।
मामले में नगर निगम ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था संभाल रही बीवीजी एजेंसी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। निगम अधिकारियों के अनुसार मेडिकल वेस्ट का सामान्य कचरे में मिलना नियमों का उल्लंघन है और इससे संक्रमण तथा स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकता है।
शिकायत मिलने के बाद किया निरीक्षण
नगर निगम को बीएमएचआरसी के कचरे में चिकित्सकीय कचरा मिलाए जाने की शिकायतें पहले से मिल रही थीं। इसके बाद जोन-17 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी राम रतन लोहिया के नेतृत्व में नगर निगम के स्वास्थ्य दल ने अस्पताल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सामान्य कचरे में बड़ी मात्रा में मेडिकल वेस्ट पाए जाने के बाद सफाई एजेंसी के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई।
पहले भी लग चुका है 10 हजार का जुर्माना
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक बीवीजी एजेंसी पर इससे पहले भी सामान्य कचरे में जैव-चिकित्सकीय कचरा मिलाने के मामले में 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा इसी तरह की लापरवाही सामने आई।
निगम ने सफाई एजेंसी को कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह की लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
