बालमपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 97.92 बल्क लीटर कच्ची शराब जब्त

भोपाल। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में 22 अगस्त को आबकारी टीम ने ग्राम बालमपुर में दबिश देकर 97.92 बल्क लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम बालमपुर में कार्रवाई की। टीम ने आरोपी तल्ला कंजर पुत्र हजारी कंजर के आधिपत्य से अवैध कच्ची शराब बरामद की। विभाग के अनुसार, जब्त शराब मानव उपभोग के लिए हानिकारक हो सकती है। मौके से शराब के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
अपराध अजमानतीय होने के कारण आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) और 49(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई आबकारी वृत्त उपनिरीक्षक श्रीमती स्वाति बघेल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी और आरक्षक स्टाफ भी मौजूद रहा।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के उत्पादन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।





