बोले- हर बहन को लखपति बनाना संकल्प, ब्यूटीशियन और सिलाई प्रशिक्षण से महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा
विदिशा/भोपाल, 29 अगस्त। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। सैकड़ों बहनों ने उन्हें राखी बांधी, तिलक लगाया और आरती उतारी। शिवराज सिंह चौहान ने बहनों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। उन्होंने मध्यप्रदेश सहित देशभर की बहनों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
हर बहन को लखपति बनाने का संकल्प
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से गरीब महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का अभियान जारी रहेगा। हर बहन को लखपति बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसी स्थिति में लाना है कि उन्हें मजबूरी में किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े और वे आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकें।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को विभिन्न रोजगारपरक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद जरूरतमंद महिलाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
ब्यूटीशियन और सिलाई का निशुल्क प्रशिक्षण
विदिशा में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए दो प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इनमें जूनियर ब्यूटीशियन प्रैक्टिशनर और सिलाई प्रशिक्षण शामिल हैं।
ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण करीब 270 घंटे और लगभग 35 दिन का होगा। इसमें 18 से 50 वर्ष की महिलाएं शामिल हो सकेंगी। एक बैच में 30 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं सिलाई प्रशिक्षण करीब 31 दिन का होगा और इसमें भी एक बैच में 30 महिलाओं को प्रशिक्षण मिलेगा।
इस तरह हर महीने करीब 60 महिलाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। प्रशिक्षण सितंबर की शुरुआत में शुरू होने की संभावना है। इसके लिए दो स्थान निर्धारित किए गए हैं। एक प्रशिक्षण मामा कोचिंग क्लास में और दूसरा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में संचालित होगा।
कॉलेज छात्राओं को 30 हजार रुपये सालाना छात्रवृत्ति
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद कॉलेज में अध्ययनरत बेटियों को 30 हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए अजीम प्रेमजी संस्थान के साथ समन्वय किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पात्र छात्राएं सरकारी या निजी कॉलेज में पढ़ रही हों, तो निर्धारित पात्रता पूरी करने पर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकती हैं। अब तक करीब 2100 आवेदन भरे जा चुके हैं। उन्होंने पात्र छात्राओं से 31 अगस्त तक आवेदन करने की अपील की।
8 सितंबर को कैंसर डे-केयर सेंटर का शुभारंभ
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 8 सितंबर विदिशा और आसपास के जिलों के लिए महत्वपूर्ण दिन होगा। इस दिन विदिशा में कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए कैंसर डे-केयर सेंटर का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला के शामिल होने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि विदिशा मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल के बीच एमओयू भी किया जाएगा। इसके तहत एम्स भोपाल की ओर से विदिशा मेडिकल कॉलेज को विशेषज्ञ सहयोग और चिकित्सा सुविधाओं के विकास में सहायता मिलेगी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कैंसर डे-केयर सेंटर शुरू होने के बाद जहां विशेषज्ञ सेवाओं या अन्य सुविधाओं की आवश्यकता होगी, वहां एम्स भोपाल के सहयोग से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने इसे कैंसर मरीजों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
