बंडा की दुखद घटना पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का बयान

कहा- मेरा नाम मामले से जोड़कर भ्रामक प्रचार किया जा रहा, दोषी कोई भी हो उस पर हो कड़ी कार्रवाई
भोपाल। सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में हुई दुखद घटना को लेकर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बयान जारी कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस हृदयविदारक घटना से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।
मंत्री ने कहा कि घटना के बीच कुछ मीडिया माध्यमों, कांग्रेस नेताओं और सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा यह प्रचार किया जा रहा है कि किसी गांव के एक व्यक्ति का संबंध उनके परिवार से है या वह उनका रिश्तेदार है। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति उनका कोई रिश्तेदार नहीं है।
राजपूत ने कहा कि उन्होंने स्वयं सागर एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि दोषी व्यक्ति किसी का रिश्तेदार, नातेदार अथवा किसी राजनीतिक या सामाजिक प्रभाव से जुड़ा हो, कानून के सामने किसी को भी नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
शराब और सट्टे जैसी गतिविधियों से परिवार दूर
मंत्री ने कहा कि सागर जिला उनके परिवार को अच्छी तरह जानता है। उनका पूरा परिवार शराब, सट्टा और जुआ जैसी गतिविधियों से हमेशा दूर रहा है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी कार्यकर्ता को इस तरह की गतिविधियों में सहयोग या संरक्षण देने के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने दुख की इस घड़ी में लोगों से घटना पर राजनीति करने के बजाय सच्चाई सामने लाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों के किसी व्यक्ति या परिवार को बदनाम करने वाली जानकारी प्रसारित नहीं करने को कहा।
राजपूत ने कहा कि घटना में दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, यदि किसी निर्दोष व्यक्ति को बदनाम करने के लिए जानबूझकर भ्रामक जानकारी फैलाई गई है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।





