बैरसिया बस स्टैंड के पास से पकड़े गए आरोपी, पुलिस के अनुसार भागने की फिराक में थे
भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने प्राणघातक हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, लोहे की रॉड और डंडा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी बैरसिया बस स्टैंड के पास से पकड़े गए। वे वहां से भागने की कोशिश में थे।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को हमीदिया अस्पताल से घायल आलिन (25) की मेडिकल सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। घायल के साथी समीर की शिकायत पर उमर उर्फ ट्रैक्टर, जैद और उनके साथियों के खिलाफ शाहजहांनाबाद थाने में प्राणघातक हमले सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता का इस्तेमाल किया। उपनिरीक्षक राजीव पुरोहित के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद उमर उर्फ ट्रैक्टर (28), जैद खान (21) और दानिश कुरैशी (33) को बैरसिया बस स्टैंड के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और कार्रवाई के दौरान आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
दो आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, उमर उर्फ ट्रैक्टर के खिलाफ ऐशबाग, टीला जमालपुरा और हनुमानगंज थानों में मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले भी प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, दानिश कुरैशी के खिलाफ टीला जमालपुरा और हनुमानगंज थानों में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस कार्रवाई में शाहजहांनाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाल सिंह चौहान, उपनिरीक्षक राजीव पुरोहित सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
