पितृपक्ष में रानी कमलापति से गया के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, 3-3 फेरे

भोपाल। पितृपक्ष के दौरान गया जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने रानी कमलापति और गया के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 01661/01662 रानी कमलापति–गया–रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी।
27 सितंबर से शुरू होगी सेवा
गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति–गया स्पेशल ट्रेन 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर 2026 को रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन रानी कमलापति से दोपहर 3:20 बजे चलेगी। यह नर्मदापुरम शाम 4:34 बजे और इटारसी 5:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01662 गया–रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026 को गया से चलेगी। यह ट्रेन गया से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन इटारसी दोपहर 2:05 बजे, नर्मदापुरम 2:43 बजे पहुंचकर शाम 4:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।
24 कोच की होगी ट्रेन
स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच रहेंगे। इनमें 2 एसएलआर/डी, 4 सामान्य श्रेणी, 12 स्लीपर, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन दोनों दिशाओं में नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर रुकेगी।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि पितृपक्ष के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। यात्रियों से इस सेवा का लाभ लेने की अपील की गई है। ट्रेन से जुड़ी विस्तृत जानकारी रेल मदद 139, रेलवन एप और ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त की जा सकती है।





