पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन

स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री, जियो-फेंस गिरदावरी और फॉर्मर आईडी को लेकर जताई आपत्ति
भोपाल, 15 सितंबर. कलेक्टर कार्यालय मेंं मंगलवार को पटवारी संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारे बाजी कर प्रदर्शन किया. उसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के एडीएम प्रकाश नायक को ज्ञापन सौंपा. पटवारियों ने स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री के काम में उन्हें निष्पादक बनाए जाने का विरोध किया है. उनका कहना है कि पटवारी पहले से राजस्व के साथ कई अन्य जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं. ऐसे में रजिस्ट्री का काम मिलने से नियमित काम प्रभावित होगा. पटवारियों के अनुसार रजिस्ट्री लाभार्थी और सरकार के बीच कानूनी दस्तावेज है. उन्हें इसका निष्पादक बनाए जाने पर भविष्य में जमीन के बंटवारे, सीमा विवाद, उत्तराधिकार या पैतृक दावे जैसे मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. ज्ञापन में जियो-फेंस गिरदावरी की व्यवस्था को लेकर भी समस्या बताई गई. पटवारियों का कहना है कि फसल की जानकारी दर्ज करने के लिए प्रत्येक खेत में जाना पड़ता है. बारिश के दौरान खेतों में पानी भरने और कीड़े-कांटों के कारण मौके पर पहुंचना मुश्किल और जोखिम भरा होता है. फॉर्मर आईडी को लेकर पटवारियों ने बताया कि गांव में रहने वाले अधिकांश किसानों की आईडी बन चुकी है. अब मुख्य रूप से गांव से बाहर रहने वाले किसानों और प्लॉट मालिकों का डाटा बाकी है. इन्हें खोजकर आईडी बनाने का अतिरिक्त दबाव पटवारियों पर डाला जा रहा है. उन्होंने इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की है.





