निजी भूमि में गलत बटान का आरोप, पटवारी पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिला ने फिर लगाई शिकायत

भोपाल। हुजूर तहसील क्षेत्र के ग्राम पुराछिंदवाड़ा निवासी सरजू बाई पुत्री हिरालाल ने अपनी कृषि भूमि में कथित रूप से गलत बटान किए जाने और जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में पटवारी निधि नेमा और गांव के एक निवासी के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पूर्व में भी मामले की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

सरजू बाई के अनुसार ग्राम पुराछिंदवाड़ा में खसरा नंबर 401 की कुल 2 हेक्टेयर भूमि उनके नाम दर्ज है। उनका दावा है कि यह भूमि करीब 15 वर्ष पहले शासन से पट्टे के रूप में प्राप्त हुई थी और अहस्तांतरणीय है। महिला ने बताया कि यही भूमि उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है और इसमें उनका निजी कुआं भी स्थित है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पटवारी निधि नेमा और गांव के निवासी रामजीवन पुत्र रतीराम की मिलीभगत से भूमि का गलत बटान कर जमीन को दूसरे खसरे में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि भूमि सीमांकन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है और नियमों के विपरीत बटान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने अपनी भूमि का मौका निरीक्षण कराने के लिए पटवारी से संपर्क किया था। आरोप है कि पटवारी ने मौके पर आने की बात कही थी, लेकिन बाद में मौके पर पहुंचने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने मशीन के माध्यम से अपनी भूमि का मौका उठवाया और इसकी जानकारी पटवारी को दी।

महिला ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, भूमि का रिकॉर्ड एवं मौके की स्थिति का सत्यापन तथा कथित गलत बटान की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित राजस्व अधिकारियों और पटवारी का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version