जान से मारने की धमकी देकर नाबालिग से कराई चोरी, करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद
सागर, 29 अगस्त 2026। सागर जिले की बीना थाना पुलिस ने नाबालिग को ब्लैकमेल कर और जान से मारने की धमकी देकर चोरी की वारदात कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान सहित लगभग 54 लाख 37 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बीना थाना पुलिस ने की।
पुराने मकान से नगदी और जेवर चोरी
पुलिस के अनुसार, फरियादी का परिवार नए मकान में रहने लगा था। पुराने पैतृक मकान में नगदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। 17 जून को सामान की जांच करने पर नगदी और कीमती सामान गायब मिला। शिकायत पर बीना थाने में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की तस्दीक तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
नाबालिग को धमकाकर कराई चोरी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया और इसी के जरिए पुराने मकान से चोरी की वारदात कराई।
पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने फरियादी के परिवार से करीब 13 लाख रुपये नगद और लगभग 40 तोला सोना प्राप्त करने की बात बताई।
मामा के पास रखे थे सोने के जेवर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी की नगदी का इस्तेमाल विभिन्न वस्तुओं और वाहनों की खरीदारी में किया। वहीं चोरी के सोने के आभूषण अपने मामा को देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मामा को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सोने का हार, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, कड़े और मंगलसूत्र सहित करीब 38 लाख रुपये कीमत के आभूषण बरामद किए गए।
चोरी के पैसों से खरीदी कार, बाइक और सामान
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई हुंडई कार, मारुति सुजुकी अर्टिगा, रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, आईफोन सहित अन्य मोबाइल फोन, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड, लोहे का गेट और अन्य घरेलू सामान भी बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों के एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। चोरी की शेष रकम और अन्य संपत्ति के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति की बरामदगी के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित विवेचना के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया है।
