नन्द उत्सव में गूंजे मंगल गीत, भजन-कीर्तन और शंखनाद

गोपी वेश में महिलाओं ने किया महारास, भक्तिभाव में डूबे भक्त
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव के अवसर पर अविनाश प्राइड स्थित सरिता झा के निवास पर नन्द उत्सव 2026 का आयोजन किया गया। उत्सव में अविनाश प्राइड की महिलाओं और परिवार के सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक गोपी वेशभूषा में लहंगा-चुनरी पहनकर कार्यक्रम में ब्रज की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना और स्तुति के साथ हुई। इसके बाद मंगल गीत, भजन-कीर्तन और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। घंटियों की मधुर ध्वनि और पुष्पवर्षा के बीच महिलाओं ने सामूहिक रूप से महारास प्रस्तुत किया। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे नजर आए।
नन्द उत्सव के दौरान सरिता झा ने बधाई लुटाने की पारंपरिक रस्म निभाई। उन्होंने यशोदा मैया को प्रणाम कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी मनाई। इस दौरान महिलाओं और परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम में हर संभव फाउंडेशन की श्रीमती पुष्पलता त्रिपाठी और उनकी टीम भी शामिल हुई। उनकी उपस्थिति से आयोजन की भव्यता बढ़ी। सेवा, संस्कार और आध्यात्मिकता के इस संगम ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
समापन अवसर पर सरिता झा ने अतिथियों और कार्यक्रम में शामिल लोगों को उपहार, प्रसाद और नाश्ता देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कान्हा का उत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति, आनंद और आपसी स्नेह को बढ़ाने का अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण का सामूहिक स्मरण जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आनंद का संचार करता है।
नन्द उत्सव में महिलाओं की सामूहिक सहभागिता, गोपी वेशभूषा, भजन-कीर्तन, महारास और पुष्पवर्षा ने पूरे वातावरण को ब्रजधाम की भक्ति और उल्लास से भर दिया।





