
ख
रगोन में 20 पिस्टल बरामद, छतरपुर में हथियार बनाने वाली दो फैक्ट्रियों का खुलासा
भोपाल, 9 सितंबर। मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी, परिवहन और अवैध रूप से हथियार रखने वालों के खिलाफ पिछले दो सप्ताह में बड़ी कार्रवाई की है। छतरपुर, खरगोन, ग्वालियर, इंदौर और मुरैना में हुई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने 48 अवैध फायर आर्म्स, जिंदा कारतूस, खाली खोखे, हथियार बनाने के उपकरण और वाहन जब्त किए हैं। इन मामलों में 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से हथियारों की सप्लाई के स्रोत और पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
खरगोन में 20 पिस्टल बरामद
बिस्टान थाना पुलिस ने हथियार बनाने और उनकी तस्करी से जुड़े एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर ग्राम सिगनूर में नहर के पास छिपाकर रखी 10 देशी पिस्टल बरामद की गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। मौके से पिस्टल बनाने में इस्तेमाल ग्राइंडर, सांड़सी, कानस, पेचकस और हथौड़ी सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के 11 मामले दर्ज हैं। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 10 पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों मामलों में खरगोन पुलिस ने कुल 20 पिस्टल जब्त की हैं।
ग्वालियर में ‘ऑपरेशन ईगल’ के तहत कार्रवाई
ग्वालियर पुलिस ने अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन ईगल’ चलाया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 15 आरोपियों और विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। इनके कब्जे से 315 बोर के 14 देशी कट्टे, 15 जिंदा राउंड, एक खाली खोखा, 32 बोर की एक पिस्टल और पांच जिंदा राउंड बरामद किए गए।
इसके अलावा इंदरगंज, गोला का मंदिर, महाराजपुरा और डबरा सिटी थाना पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में चार देशी कट्टे-पिस्टल और जिंदा राउंड बरामद किए गए।
छतरपुर में दो अवैध हथियार फैक्ट्रियां पकड़ीं
लवकुशनगर पुलिस ने ग्राम किशनपुरा में हथियार बनाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो अवैध हथियार निर्माण इकाइयों का खुलासा किया। पुलिस ने निर्माता और विक्रेता समेत दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मौके से 315 और 12 बोर के देशी कट्टे, अधबने हथियार, कट्टों के सांचे, नाल और हथियार बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हथियार बनाकर बेचने की जानकारी सामने आई है।
इंदौर और मुरैना में भी कार्रवाई
इंदौर क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन देशी पिस्टल, एक कट्टा, चार जिंदा कारतूस और स्कूटी जब्त की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए है।
मुरैना के पोरसा थाना क्षेत्र में फायरिंग के मामले में पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 315 बोर के तीन अवैध कट्टे और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के स्रोत तक पहुंचने के साथ हथियार रखने वाले बदमाशों की निगरानी और धरपकड़ लगातार जारी है। प्रदेश में अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
