दुबई में MP के निवेश का डंका बजाएंगे CM मोहन यादव

6 से 9 सितंबर तक UAE दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री, 500 से ज्यादा निवेशकों से करेंगे संवाद

भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने और प्रदेश की औद्योगिक एवं पर्यटन क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर 2026 तक दुबई दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री दुबई में आयोजित AIM Congress-2026 में शामिल होंगे और दुनिया भर के निवेशकों एवं कारोबारी प्रतिनिधियों के सामने मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाएं रखेंगे।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 500 से अधिक वैश्विक निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इसके अलावा UAE के प्रमुख उद्योग समूहों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

बड़े उद्योग समूहों से मुलाकात

मुख्यमंत्री के दौरे में लूलू ग्रुप, DP वर्ल्ड और इमार सहित कई बड़े उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। शारजाह और दुबई के कारोबारी समूहों के साथ भी निवेश को लेकर चर्चा होगी। इन बैठकों में रियल एस्टेट, शहरी विकास, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में निवेश संभावनाओं पर विशेष फोकस रहेगा।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का देंगे न्योता

दुबई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का न्योता भी देंगे। सरकार का प्रयास है कि UAE के निवेशकों और कंपनियों के साथ बातचीत को आगे बढ़ाकर निवेश प्रस्तावों को ठोस साझेदारी में बदला जाए।

ODOP उत्पादों की होगी ब्रांडिंग

मध्यप्रदेश के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत तैयार उत्पादों को दुबई के बाजार में पहचान दिलाने पर भी जोर रहेगा। प्रदेश के स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और वैश्विक बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए संभावनाएं तलाशने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रस्तुत करने और UAE के कारोबारी समूहों के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Exit mobile version