दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं : संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा

भोपाल, 27 अगस्त। दिव्यांगजनों को उनकी जरूरतों के अनुसार सभी शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए। उन्हें स्वरोजगार योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के प्रयास किए जाएं। यह निर्देश संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक में दिए।

संभागायुक्त ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा परमात्मा की सच्ची सेवा है। विभागीय योजनाओं के मैदानी अमले के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। उन्होंने संचालित वृद्धाश्रमों का नियमित निरीक्षण करने और पेंशन योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए उनके बैंक खातों की केवाईसी कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना और दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने को भी कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ ले सकें।

बैठक में संयुक्त आयुक्त राजस्व डॉ. विनोद यादव, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग रामविलास सेमिल सहित संभाग के सभी जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version