डीआरएम पंकज त्यागी ने किया बीना यार्ड का निरीक्षण

यार्ड रिमॉडलिंग से पहले संरक्षा और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा, शॉर्टकट नहीं अपनाने के निर्देश
भोपाल। आगामी बीना यार्ड रिमॉडलिंग कार्य को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पंकज त्यागी ने बीना यार्ड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यार्ड की मौजूदा परिचालन और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रस्तावित रिमॉडलिंग कार्य से पहले की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रूट रिले इंटरलॉकिंग (RRI) प्रणाली की कार्यप्रणाली देखी। इसके अलावा यार्ड के महत्वपूर्ण परिचालन बिंदुओं, मुख्य ट्रैक चेंजिंग प्वाइंट्स, प्वाइंट्स और क्रॉसिंग की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यार्ड रिमॉडलिंग के प्रत्येक चरण में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निर्धारित तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि काम को जल्द पूरा करने के लिए किसी भी तरह का शॉर्टकट या निर्धारित प्रक्रिया से अलग तरीका नहीं अपनाया जाए।
उन्होंने रिमॉडलिंग कार्य शुरू होने से पहले सभी तकनीकी व्यवस्थाओं और परिचालन से जुड़े पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य के दौरान रेल यातायात सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके।
डीआरएम पंकज त्यागी ने कहा कि बीना यार्ड का रिमॉडलिंग कार्य भविष्य की परिचालन जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। कार्य के दौरान संरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और सभी गतिविधियां निर्धारित प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों के अनुसार ही की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय, सीनियर डीईएन, मुख्य परियोजना प्रबंधक सहित परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं टेलीकॉम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





