छोला में झुग्गी में आग लगने से 25 वर्षीय महिला की मौत

गुना से भोपाल आई थी महिला, आग लगने का कारण अज्ञात; हादसे और आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही पुलिस
भोपाल। छोला थाना क्षेत्र में झुग्गी में आग लगने से 25 वर्षीय महिला की जलने से मौत हो गई। मृतका की पहचान रानी पंथी के रूप में हुई है, जो गुना की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, वह कभी-कभी भोपाल आती थी और घटना वाले दिन ही यहां पहुंची थी।
झुग्गी में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत आग से हुए हादसे में हुई या मामला आत्महत्या से जुड़ा है। हालांकि, अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।





