भोपाल। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश के बाद प्रदेश में छात्र संघ चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में NSUI ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में NSUI और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों व छात्र नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में छात्र संघ चुनाव की रणनीति, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष चुनाव की संभावित व्यवस्था, प्रत्याशियों के चयन, कॉलेज स्तर पर संगठन मजबूत करने और छात्र नेताओं की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक का नेतृत्व भोपाल के नवनियुक्त प्रभारी प्रकाश चौकसे और कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने किया।
बैठक में तय किया गया कि भोपाल के प्रत्येक कॉलेज में NSUI की सक्रिय यूनिट बनाई जाएगी। जहां पहले से इकाइयां हैं, उन्हें और मजबूत किया जाएगा। नए छात्र नेताओं को संगठन से जोड़कर कॉलेज स्तर पर टीम तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
छात्र हितों की लड़ाई कॉलेज स्तर तक मजबूत करेंगे
प्रकाश चौकसे ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक आवाज को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव को लेकर नई उम्मीद बनी है। NSUI पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुट गई है। प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष, किसी भी व्यवस्था में संगठन चुनाव के लिए तैयार रहेगा।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में कॉलेजवार बैठकें और छात्र संपर्क अभियान चलाए जाएंगे। संगठन को कॉलेज स्तर पर मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों की समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।
फीस, छात्रवृत्ति और रोजगार जैसे मुद्दे उठाएगी NSUI
कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर देते हैं। लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच नहीं मिल पा रहा था।
उन्होंने कहा कि फीस, छात्रवृत्ति, परीक्षा, परीक्षा परिणाम, शिक्षकों की कमी, मूलभूत सुविधाओं और रोजगार जैसे मुद्दों को NSUI छात्रों के बीच प्रमुखता से उठाएगी।
NSUI जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने बताया कि बैठक में कॉलेजों में छात्र संपर्क अभियान तेज करने और संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने बताया कि आगामी दिनों में कॉलेजवार बैठक, सदस्यता अभियान, छात्र संपर्क अभियान और यूनिट गठन अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में युवा कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष राहुल मंडलोई, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित खत्री, प्रदेश सचिव लोकेंद्र शर्मा, NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार, जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर, सोहन मेवाड़ा, रितेश सोनी सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारी एवं छात्र नेता मौजूद रहे।
