चार जिलों में नशे के कारोबार पर कार्रवाई, 37.16 लाख की संपत्ति जब्त

एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और गांजे के पौधे बरामद; मंदसौर, भोपाल देहात, अलीराजपुर और पांढुर्णा में पुलिस की कार्रवाई

भोपाल, 25 अक्टूबर। मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंदसौर, भोपाल देहात, अलीराजपुर और पांढुर्णा में 37 लाख 16 हजार 500 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य संपत्ति जब्त की है। अलग-अलग मामलों में एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और गांजे के पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने तस्करी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अवैध खेती के मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मंदसौर में 25 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त

भानपुरा थाना पुलिस ने गरोठ-भानपुरा आम रोड पर कार्रवाई करते हुए 250 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने पांच किलो डोडाचूरा, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस मामले में कुल 25 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त करने और मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी गई है।

भोपाल देहात में दो आरोपी गिरफ्तार

परवलिया सड़क थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर 12.63 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस कार्रवाई में करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

अलीराजपुर में कपास के खेत में गांजे की खेती

अलीराजपुर जिले के ग्राम छोटी हथवी के पटेल फलिया में पांच थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, खेत में कपास और अन्य फसलों के बीच गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। मौके से गांजे के 280 पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 142 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 7.10 लाख रुपये बताई गई है।

पांढुर्णा में 26 किलो से अधिक गांजा जब्त

मोहगांव थाना पुलिस ने ग्राम डुड्डेवानी में एक मकान के पीछे स्थित बाड़े में उगाए जा रहे गांजे के पौधे जब्त किए। इनका वजन करीब 26.300 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, इन कार्रवाइयों का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध खेती पर रोक लगाना है। मामलों की जांच के दौरान मादक पदार्थों की आपूर्ति और वितरण से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version