State

गौ संवर्धन के क्षेत्र में बिछिया की गौशाला के प्रयास सराहनीय

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने किया गौशाला का निरीक्षण, बेहतर व्यवस्थाओं की प्रशंसा की

भोपाल, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को विदिशा जिले के ग्राम बिछिया का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आदर्श श्री गोपाल कृष्ण गौशाला का निरीक्षण कर गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

संभागायुक्त ने गौशाला में गौवंश के रखरखाव, खान-पान और सुरक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गौ संरक्षण और संवर्धन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गौशाला में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखना जरूरी है।

शर्मा ने कहा कि गौशालाएं केवल गौवंश के संरक्षण का केंद्र नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक संसाधनों के उपयोग और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। गौशालाओं के बेहतर संचालन और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता और निरंतर प्रयास जरूरी हैं।

गौवंश के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने संभागायुक्त को गौशाला में गौवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुओं के समुचित रखरखाव, खान-पान और सुरक्षित वातावरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। गौवंश की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

कलेक्टर ने बताया कि पशुपालन विभाग के माध्यम से गौवंश के स्वास्थ्य की देखभाल और बीमार पशुओं के उपचार की व्यवस्था की जा रही है। गौशालाओं में पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, समय पर उपचार और आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, वनमंडलाधिकारी हेमंत यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles