State

गौवंश की सुरक्षा के लिए युवाओं ने पहनाईं रेडियम बेल्ट

रात में दूर से नजर आएंगी सड़क पर घूमने वाली गायें, युवा शक्ति संगठन ने सुरखी विधानसभा के तालचिरी गांव में चलाया अभियान

भोपाल। सड़क दुर्घटनाओं में गौवंश की जान बचाने के उद्देश्य से युवा शक्ति संगठन ने रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत अपने सैकड़ों साथियों के साथ सुरखी विधानसभा के ग्राम तालचिरी पहुंचे। यहां रात के समय सड़कों पर घूमने वाली गायों को चमकदार रेडियम बेल्ट पहनाई गईं।

इस पहल का उद्देश्य अंधेरे में सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे गौवंश को वाहन चालकों को दूर से ही दिखाई देना है। रेडियम बेल्ट पर वाहन की रोशनी पड़ने से गायों की मौजूदगी का पता चल सकेगा। इससे पशुओं के साथ ही वाहन चालकों और अन्य लोगों को भी दुर्घटनाओं से बचाने में मदद मिलेगी।

संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि गौवंश की रक्षा करना सामाजिक जिम्मेदारी है। रात में गाय दिखाई नहीं देने के कारण कई बार गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं। इसी समस्या को देखते हुए रेडियम बेल्ट लगाने की पहल की गई है। संगठन गौसेवा, जीव रक्षा और मानव जीवन की सुरक्षा के लिए आगे भी ऐसे अभियान चलाएगा।

कार्यक्रम में गौभक्त पंडित नवीन बिहारी महाराज भी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गौवंश की सुरक्षा के लिए इस तरह के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

इस दौरान भानु यादव, संदीप शुक्ला, रामकुमार सेन, आनंद साहू, सौरव यादव, अमोल यादव, काडोरी यादव, हरिराम लोधी, द्वारका साहू, मानसिंह लोधी, दिनेश लोधी और आधार लोधी सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं गौभक्त मौजूद रहे।

Related Articles