State

गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग, मालपुर में चला हस्ताक्षर अभियान

राजा दिलीप के प्रसंग से आचार्य शिवम साकेती ने समझाया गौसेवा का महत्व, गौ आयोग के गठन और अवैध कटान पर रोक लगाने की उठाई मांग

रायबरेली। जिले के बीजेमऊ स्थित ग्राम मालपुर में गौसम्मान आह्वान अभियान के तहत ‘गौ माता की पुकार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गौमाता के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में कथावाचक आचार्य शिवम साकेती ने राजा दिलीप के प्रसंग और उनके संवाद के माध्यम से गौसेवा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि गौमाता का सम्मान और संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से गौवंश की सेवा और सुरक्षा के लिए आगे आने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने उपस्थित लोगों को फूलों के पौधे भी भेंट किए।

कार्यक्रम में भारतीय गौरव पुरस्कार प्राप्त बलराम स्वामी का सानिध्य रहा। अध्यक्षता लायक सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुरेंद्र बहादुर सिंह थे। साध्वी सर्वेश सरस्वती ने आशीर्वचन दिए। रामप्रताप सिंह, गुरु प्रताप सिंह, नरेंद्र प्रताप सिंह और रमेश सिंह ने आयोजन में सहयोग किया।

सरकार के सामने रखीं चार मांगें

बैठक में गौसम्मान आह्वान अभियान के माध्यम से सरकार से गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए गौ आयोग गठित करने, गायों की हत्या और अवैध कटान पर पूरी तरह रोक लगाने, निराश्रित गौवंश के लिए स्वच्छ पेयजल और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गाय को भारतीय संविधान में राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की दिशा में पहल करने की मांग की गई। उपस्थित लोगों ने अभियान को आगे बढ़ाने और समाज में गौसंरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Related Articles