State

गुफा मंदिर ट्रस्ट ने बरेला गांव का रास्ता किया बंद, रहवासियों ने कलेक्टर कार्यालय पर किया प्रदर्शन

भोपाल, 25 अगस्त। गुफा मंदिर से बरेला गांव की ओर जाने वाला रास्ता बंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को बरेला गांव के रहवासियों ने कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूर्व में हुए समझौते के अनुसार रास्ता दोबारा खुलवाने की मांग की।

रहवासियों का आरोप है कि 5 अगस्त को गुफा मंदिर ट्रस्ट द्वारा रास्ता बंद कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी रास्ता बंद किया गया था, जिसके बाद प्रशासन, मंदिर समिति और ग्रामीणों की मौजूदगी में बैठक हुई थी। बैठक में सहमति बनने के बाद गांव के पास गैस गोदाम से मुख्य मार्ग की पुलिया तक करीब 15 फीट चौड़ा रास्ता उपलब्ध कराया गया था।

समझौते के बाद फिर बंद हुआ रास्ता

ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में सभी पक्षों की मौजूदगी में सहमति बनने और रास्ता बहाल होने के बावजूद अब दोबारा रास्ता बंद कर दिया गया है। इससे बरेला गांव के रहवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूर्व में हुए समझौते के अनुसार मामले का निराकरण कर रास्ता तत्काल बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Related Articles