State

कैम्पस बुलेटिन की तरह सिटी बुलेटिन भी निकालें विद्यार्थी: कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी

भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में नवीन विद्यार्थियों के लिए विभागीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वामी विवेकानंद सभागार में हुए कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) मोनिका वर्मा ने कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी का पुस्तक भेंटकर स्वागत किया।

कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने विद्यार्थियों से कक्षाओं में गंभीरता से अध्ययन करने और नियमित रूप से पुस्तकालय जाकर विषय से संबंधित पुस्तकों का अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल देखने की आदत से दूर रहकर अपने कौशल को विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिसर के तक्षशिला और विक्रमशिला में अलग-अलग समूह बनाकर पुस्तकों और विषयों पर चर्चा करें।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनका कार्य शब्दों के विजुअलाइजेशन से जुड़ा है। इसलिए वीडियो, चित्र और फोटो के महत्व को समझना जरूरी है। उन्होंने तीन दिवसीय अभ्युदय-2026 में विभाग द्वारा तैयार किए गए न्यूज बुलेटिन की सराहना की।

कुलगुरु ने कहा कि विद्यार्थियों को कैम्पस बुलेटिन के साथ सिटी एपिसोड बुलेटिन भी तैयार करना चाहिए। आगे चलकर इसे नेशनल बुलेटिन तक विस्तार दिया जा सकता है।

विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) मोनिका वर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहने और नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्ययन करने की बात कही। उन्होंने प्रायोगिक कार्य के लिए स्टूडियो का अधिक से अधिक उपयोग करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को कक्षावार कार्य दायित्वों और मेंटर-मेंटी योजना की जानकारी दी। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

Related Articles