8 सितंबर को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, डॉ. जितेंद्र सिंह और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल करेंगे शुभारंभ
विदिशा/भोपाल, 7 सितंबर 2026। विदिशा और आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री तथा विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान की पहल पर टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई के सहयोग से तैयार की गई कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट 8 सितंबर से विदिशा में शुरू होगी। इससे मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए मुंबई, दिल्ली या भोपाल जाने की जरूरत कम होगी।
यूनिट का शुभारंभ 8 सितंबर को विदिशा मेडिकल कॉलेज के एलटी-2 सभागार में दोपहर 1 बजे होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लखन पटेल, विधायक मुकेश टंडन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल होंगे। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. मनीष निगम के साथ टाटा मेमोरियल सेंटर के निदेशक और एम्स भोपाल के विशेषज्ञ चिकित्सक भी मौजूद रहेंगे।
घर के पास मिलेगा कीमोथेरेपी का इलाज
इस यूनिट के शुरू होने से विदिशा के अलावा आसपास के जिलों के मरीजों को कीमोथेरेपी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। मरीजों को उनके घर के नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
अब तक कई मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए भोपाल, मुंबई या दिल्ली जैसे शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी। इससे इलाज का खर्च बढ़ने के साथ मरीजों और उनके परिजनों को समय और मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ता था।
गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को मिलेगी राहत
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र की जनता उनके लिए परिवार की तरह है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सस्ती और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि टाटा मेमोरियल सेंटर के सहयोग से तैयार की गई यह कीमोथेरेपी यूनिट विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों के समय, श्रम और इलाज पर होने वाले अतिरिक्त खर्च में कमी आएगी।
यूनिट के शुरू होने के बाद विदिशा में कैंसर मरीजों को स्थानीय स्तर पर कीमोथेरेपी की सुविधा मिलने लगेगी। इससे क्षेत्र में कैंसर उपचार की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
