State

कुपोषण के खिलाफ युद्ध स्तर पर अभियान चलाएं: संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा

भोपाल, 25 अगस्त 2026। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने संभाग के सभी जिलों में कुपोषण के खिलाफ युद्ध स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अत्यधिक और मध्यम कुपोषित बच्चों की पहचान कर कुपोषण के मूल कारणों का अध्ययन किया जाए और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

संभागायुक्त ने मंगलवार को संभागायुक्त कार्यालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सैम और मैम बच्चों की पहचान, नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और घर-घर संपर्क पर विशेष ध्यान दिया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के माता-पिता से नियमित स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेकर उनके स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित करें।

स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश

कर्मवीर शर्मा ने जिला स्तर पर सीडीपीओ-बीएमओ और डीपीओ-सीएमएचओ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं से जुड़े आंकड़ों में विसंगतियों को तत्काल दूर करने को कहा। दस्तक अभियान, डायरिया नियंत्रण, एनआरसी भर्ती और चाइल्ड-मैटरनल हेल्थ के मानकों की संयुक्त निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, आभा एवं अपार आईडी सहित अन्य शासकीय योजनाओं की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार प्रत्येक माह आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि मैदानी स्तर पर सुधार और बेहतर परिणाम दिखाई देने चाहिए।

राजगढ़ में कम पंजीयन पर जताई नाराजगी

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान राजगढ़ जिले में वर्ष 2027-28 के लिए द्वितीय प्रसव में बालिका के निर्धारित 4,168 लक्ष्य के मुकाबले केवल 915 पंजीयन होने पर संभागायुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को पंजीयन बढ़ाने और पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास हरिकृष्ण शर्मा, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. नीलम गुप्ता, उप संचालक स्वास्थ्य डॉ. मनीष जोंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles