कुक्कुट विकास निगम के संविदाकर्मियों को नहीं हटाया जाएगा, अन्य इकाइयों में होगा समायोजन

भोपाल। कुक्कुट विकास निगम के संविदाकर्मियों को बड़ी राहत मिली है। निगम अध्यक्ष केशव सिंह बघेल ने निर्देश दिए हैं कि तरल नत्रजन संयंत्रों में कार्यरत संविदाकर्मियों को सेवा से पृथक नहीं किया जाए। जरूरत के अनुसार उनकी सेवाओं का उपयोग निगम की अन्य इकाइयों में किया जाएगा।

मध्यप्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर के नेतृत्व में संविदाकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने निगम अध्यक्ष केशव सिंह बघेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने लंबे समय से निगम में सेवाएं दे रहे संविदाकर्मियों के हितों की रक्षा करने और उन्हें सेवा से नहीं हटाने की मांग की।

संविदाकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निगम अध्यक्ष ने प्रबंध संचालक को पत्र जारी कर निर्देश दिए कि तरल नत्रजन संयंत्रों में कार्यरत संविदाकर्मियों की सेवाओं का निगम की अन्य इकाइयों में आवश्यकता के अनुसार उपयोग किया जाए और किसी भी संविदाकर्मी को सेवा से पृथक न किया जाए।

संविदाकर्मियों में खुशी

निगम अध्यक्ष के इस निर्णय के बाद संविदाकर्मियों में खुशी और संतोष का माहौल है। कर्मचारियों ने केशव सिंह बघेल का आभार जताते हुए कहा कि उनके निर्णय से लंबे समय से निगम में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को राहत मिली है।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने कहा कि संविदाकर्मी निगम की विभिन्न इकाइयों में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और निगम के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उन्हें हटाने के बजाय उनकी सेवाओं का निगम की अन्य इकाइयों में उपयोग किया जाना स्वागत योग्य कदम है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि निगम प्रबंधन आगे भी संविदाकर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेगा।

Exit mobile version