कुक्कुट विकास निगम के संविदाकर्मियों को नहीं हटाया जाएगा: बघेल

निगम की अन्य इकाइयों में किया जाएगा समायोजित
भोपाल, 26 अगस्त। मप्र संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर के नेतृत्व में बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल से मुलाकात कर संविदाकर्मियों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने निगम में लंबे समय से सेवाएं दे रहे संविदाकर्मियों को सेवा से पृथक नहीं करने और उनके हितों की रक्षा करने की मांग रखी। इस दौरान बताया गया कि निगम में नियमों के विपरीत कार्यरत किसी भी संविदाकर्मी को हटाया नहीं जाए।

संविदाकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निगम अध्यक्ष केशव सिंह बघेल ने प्रबंध संचालक को पत्र जारी किया। इसमें निर्देश दिए गए कि तरल नत्रजन संयंत्रों में कार्यरत संविदाकर्मियों की सेवाओं का निगम की अन्य इकाइयों में आवश्यकता के अनुसार उपयोग किया जाए तथा किसी भी संविदाकर्मी को सेवा से पृथक न किया जाए।

निर्णय के बाद संविदाकर्मियों ने निगम अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संविदाकर्मियों के हित में लिया गया यह निर्णय सकारात्मक और संवेदनशील कदम है।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने कहा कि संविदाकर्मी लंबे समय से निगम की विभिन्न इकाइयों में सेवाएं दे रहे हैं और निगम के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उन्हें हटाने के बजाय उनकी सेवाओं का अन्य इकाइयों में उपयोग किया जाना स्वागत योग्य है।

Exit mobile version