कमला नगर पुलिस की अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

तलवार और धारदार छुरी बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज

भोपाल, 30 अगस्त 2026। थाना कमला नगर पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से धारदार तलवार और छुरी बरामद की है। दोनों मामलों में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों कार्रवाई की गईं। पहली कार्रवाई कोटरा-वैशाली नगर रोड स्थित गेट नंबर-26 के पास की गई। सूचना मिली थी कि एक युवक लोहे की तलवार लेकर खड़ा है। पुलिस टीम को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकाश उर्फ विक्का विश्वकर्मा (19) निवासी बापू नगर झुग्गी, थाना कमला नगर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 82 सेंटीमीटर लंबी और 4 सेंटीमीटर चौड़ी धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास तलवार रखने का कोई लाइसेंस नहीं था। तलवार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

नेहरू नगर चौराहे से दूसरा आरोपी पकड़ा

दूसरी कार्रवाई नेहरू नगर चौराहे पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपनी डिओ गाड़ी में धारदार छुरी लेकर बैठा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यश बघेल (18) निवासी झुग्गी टीन शेड, माण्डवा बस्ती, थाना कमला नगर बताया। तलाशी में उसके कब्जे से कमर में छिपाकर रखी गई धारदार छुरी बरामद हुई। छुरी की लंबाई करीब 14 इंच, मूठ 5 इंच और फलक की चौड़ाई करीब 3 सेंटीमीटर बताई गई है।

पुलिस ने छुरी के साथ डिओ वाहन क्रमांक MP04-UE-1952 भी जब्त किया है। आरोपी के पास छुरी रखने का लाइसेंस नहीं मिला। उसके खिलाफ भी धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तलवार, छुरी और वाहन जब्त

दोनों कार्रवाई में पुलिस ने एक धारदार तलवार, एक धारदार छुरी और डिओ वाहन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की जप्ती की वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक निरूपा पाण्डेय के नेतृत्व और मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उनि शैलेन्द्र सिंह राजावत, उनि संजय वर्मा, सउनि रामदरश सहित थाना कमला नगर के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version