भोपाल। एम्स भोपाल के बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. अभिनव सिंह ने चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में करीब 12 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें जापान, मलेशिया, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और कोरिया के खिलाड़ी भी शामिल रहे।
डॉ. अभिनव सिंह ने चिकित्सा क्षेत्र की व्यस्त जिम्मेदारियों के साथ नियमित बैडमिंटन अभ्यास जारी रखते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि पेशेवर कार्य और खेल के बीच संतुलन बनाने के लिए अनुशासन, नियमित अभ्यास और समय प्रबंधन महत्वपूर्ण रहा।
परिवार और एम्स प्रशासन का जताया आभार
डॉ. अभिनव सिंह ने अपनी उपलब्धि के लिए परिवार, माता-पिता, मित्रों, विभागाध्यक्ष डॉ. मनाल खान, संकाय सदस्यों, वरिष्ठ सहयोगियों और रेजिडेंट्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एम्स भोपाल के निदेशक, अधिष्ठाता और उपनिदेशक सहित संस्थान के प्रशासन के प्रति भी धन्यवाद जताया।
उन्होंने कहा कि संस्थान से मिलने वाला सहयोग और प्रोत्साहन चिकित्सकों को पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
बोले- खेलों से विकसित होते हैं जीवन कौशल
डॉ. सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के अनुभव से उन्हें अनुशासन, निरंतर प्रयास, टीम भावना, समय प्रबंधन और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सीखने को मिले। ये कौशल चिकित्सा पेशे में भी उपयोगी हैं।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। उनके अनुसार खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ सफलता और असफलता को सहजता से स्वीकार करने की क्षमता भी बढ़ाते हैं।
