भोपाल, 29 अगस्त। ईपीएस-95 राष्ट्रीय पेंशनर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण वर्मा ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के मुंबई-पालघर शिकायत निवारण आयोग की व्यवस्था को पूरे देश में लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे देशभर के पेंशनरों को राहत और लाभ मिल सकेगा।
वर्मा ने इस संबंध में भारत सरकार के केंद्रीय श्रम मंत्री तथा ईपीएफओ के मुख्य आयुक्त/क्षेत्रीय आयुक्त से मांग की है कि मुंबई-पालघर शिकायत निवारण आयोग के निर्णय को तत्काल पूरे देश में लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में ईपीएस-95 पेंशनर अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर परेशान हैं। यदि शिकायतों के निवारण के लिए प्रभावी व्यवस्था पूरे देश में लागू होती है, तो पेंशनरों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।
वर्मा ने केंद्र सरकार से मांग की कि देश के करीब 78 लाख पेंशनरों के हित में शिकायत निवारण आयोग के निर्णय को जल्द लागू किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए पेंशनरों के हित में आवश्यक कदम उठाएगी।
