भोपाल/इटारसी, 26 अगस्त। इटारसी रेलवे स्टेशन और आउटर क्षेत्र में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में जीआरपी इटारसी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को निशाना बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 मोबाइल फोन, कुल कीमत करीब 3.05 लाख रुपए, बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों पर नजर रखते थे। खासतौर पर देर रात गहरी नींद में सो रहे यात्रियों और खिड़की के पास बैठी महिला यात्रियों के मोबाइल को निशाना बनाते थे। वारदात के बाद भीड़ या अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो जाते थे।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू सिंह डावर और उप पुलिस अधीक्षक रेल इटारसी महेंद्र सिंह कुल्हारा के निर्देशन में थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में की गई।
झेलम एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी की शिकायत के बाद पुलिस टीम ने इटारसी स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस को दो संदिग्धों के स्टेशन के मोटरसाइकिल पार्किंग क्षेत्र में होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने घेराबंदी कर सुहेब अहमद (26) निवासी गया, बिहार और मोहम्मद तारिक जमील (21) निवासी गया, बिहार को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने ट्रेन और अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
11 मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी तारिक के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 11 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें से दो मोबाइल इटारसी जीआरपी में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए। शेष नौ मोबाइल के संबंध में भी पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए अलग प्रकरण तैयार किया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल नर्मदापुरम भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद तारिक जमील के खिलाफ जीआरपी ग्वालियर में चोरी से संबंधित प्रकरण दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए CCTV निगरानी, तकनीकी जांच और संदिग्धों की निगरानी लगातार जारी रहेगी।
