State

इज्तिमा में आने वाली जमातों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

4 से 7 दिसंबर तक ईटखेड़ी में होगा आलमी तब्लीगी इज्तिमा, कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की

भोपाल, 30 अक्टूबर। ईटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर तक आयोजित होने वाले आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पंकज पांडे ने शुक्रवार को इज्तिमा स्थल पर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और आयोजन समिति को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि इज्तिमा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जमातें शामिल होती हैं। ऐसे में सभी प्रतिभागियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पेयजल, निर्बाध बिजली, स्वच्छता, पहुंच मार्गों को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आयोजन के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य सामग्री और पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों और एम्बुलेंस की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कम से कम समय में सहायता पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा।

सुरक्षा और यातायात के लिए विशेष इंतजाम

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पंकज पांडे ने बताया कि इज्तिमा स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा, ताकि इज्तिमा में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles