State

आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों पर सीलिंग के खिलाफ न्यू मार्केट में व्यापारियों का प्रदर्शन

भोपाल। आवासीय कॉलोनियों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई सोमवार से शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में की जा रही इस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को न्यू मार्केट में व्यापारी संगठनों ने प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे टॉप एन टाउन के सामने व्यापारियों ने नारेबाजी कर नगर निगम की कार्रवाई का विरोध जताया।

62,500 व्यावसायिक प्रतिष्ठान किए गए चिन्हित

नगर निगम ने शहर की आवासीय कॉलोनियों में संचालित करीब 62,500 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया है। निगम की ओर से इन प्रतिष्ठानों को व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने के लिए पहले 10 दिन का नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय में गतिविधियां बंद नहीं होने पर निगम ने संबंधित प्रतिष्ठानों पर 24 घंटे का नोटिस चस्पा किया। इसके बाद सोमवार से सीलिंग की कार्रवाई शुरू की गई।

हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला

आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों का मामला पहले हाईकोर्ट पहुंचा था। अरेरा कॉलोनी निवासी विवेक त्रिपाठी ने इस संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद व्यापारियों की ओर से मामले में स्टे लिया गया। मामला आगे सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां से आवासीय कॉलोनियों में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर निगम अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में चिन्हित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर रहा है। निगम की कार्रवाई के तहत ऐसे प्रतिष्ठानों को सील किया जा रहा है, जो आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।

व्यापारियों ने कहा- कार्रवाई से कारोबार प्रभावित

सीलिंग कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को न्यू मार्केट में व्यापारी संगठनों के

पदाधिकारी और व्यापारी एकत्र हुए। टॉप एन टाउन के सामने व्यापारियों ने नारेबाजी की और नगर निगम की कार्रवाई पर विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि अचानक बड़े स्तर पर सीलिंग कार्रवाई होने से कारोबार और रोजगार प्रभावित होगा।

वहीं नगर निगम का कहना है कि कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश और निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है। निगम द्वारा पहले नोटिस जारी कर व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने का समय दिया गया था। इसके बाद भी गतिविधियां जारी रहने पर सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles