आबकारी विभाग की देर रात दबिश, 40 प्रकरण दर्ज

होटल-रेस्टोरेंट में अवैध शराब परोसने वालों पर कार्रवाई, बाइक सहित शराब जब्त,
दो मामलों में 2.62 लाख रुपये की मदिरा और वाहन जब्त
भोपाल, 25 अक्टूबर । आबकारी विभाग ने शनिवार, 24 अक्टूबर को अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। देर रात केरवा डैम रोड और बैरागढ़ क्षेत्र के होटल, ढाबों व रेस्टोरेंट में दबिश दी गई। इस दौरान अवैध रूप से शराब पिलाने और पीने वालों के खिलाफ कुल 40 प्रकरण दर्ज किए गए।कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी केसी अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी सीमा कशीसिया की टीम ने संजय नगर, शाहजहानाबाद निवासी अरुन परोचे और मुजफ्फर उल्लाह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बजाज पल्सर बाइक क्रमांक MP-04-YX-2578 और अवैध रूप से परिवहन की जा रही देशी शराब जब्त की। जब्त वाहन और शराब की अनुमानित कीमत 97,500 रुपये बताई गई है। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा की टीम ने केरवा डैम रोड स्थित वारी, कंट्रीसाइड मीडोज, सवाया, वाइन और गुरु सहित विभिन्न रेस्टोरेंट में देर रात दबिश दी। यहां अवैध रूप से शराब पिलाने और पीने वालों के खिलाफ 40 प्रकरण दर्ज किए गए।
बैरागढ़ क्षेत्र में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके की टीम ने इंदौर-भोपाल रोड स्थित होटल आकाश रिट्रीट के रूफटॉप स्कायवा रेस्टोरेंट की जांच की। एफएल-5 लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बाद भी शराब मिलने पर 49.8 बल्क लीटर विदेशी मदिरा, स्पिरिट और बीयर जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 1,65,400 रुपये बताई गई है। रेस्टोरेंट संचालक और अवैध मदिरापान करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। बैरागढ़ क्षेत्र के कर्व, द आर्क, क्लब कबाना और वायु रेस्टोरेंट की भी जांच कर कार्रवाई की गई।





