
आ
धा घंटे में सात बसें आग की चपेट में आईं, करीब 12 टैंकर पानी से बुझाई आग; दमकल पहुंचने में देरी का आरोप
भोपाल। इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर रविवार शाम करीब 7 बजे वर्मा ट्रैवल्स की बसों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने सात बसों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें से चार बसें पूरी तरह जल गईं, जबकि अन्य बसों को भी नुकसान पहुंचा। दमकलकर्मियों ने रात करीब 8.45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने में लगभग 12 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग चार्टर्ड बाइक के कार्यालय के पास खड़ी एक कंडम बस से शुरू हुई। इसके बाद आग तेजी से आसपास खड़ी बसों तक फैल गई। लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आरोप है कि दमकलों के पहुंचने में करीब 45 मिनट लगे। तब तक चार बसें पूरी तरह जल चुकी थीं और तीन अन्य बसें भी आग की चपेट में आ गई थीं। आग बसों के पिछले हिस्से से शुरू हुई, जिससे कुछ बसों का आधे से अधिक हिस्सा जल गया। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाकर अन्य हिस्सों को बचाया।
आईएसबीटी में अव्यवस्था पर सवाल
घटनास्थल पर वर्मा ट्रैवल्स की बड़ी संख्या में बसें खड़ी थीं। आरोप है कि आईएसबीटी के आधे हिस्से में ट्रैवल्स की बसें खड़ी रहती हैं। चार्टर्ड बाइक कार्यालय के पास बसों की मरम्मत भी की जाती है। मौके पर कचरा और तेल फैला होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैली, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित स्थान पर रात के समय असामाजिक तत्वों और शराब पीने वालों का जमावड़ा भी रहता है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। घटना ने आईएसबीटी में बसों की पार्किंग, मरम्मत व्यवस्था, ज्वलनशील पदार्थों के प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
