असम के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री चौहान से की मुलाकात, कृषि और ग्रामीण विकास पर चर्चा

नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। बैठक में असम में कृषि, ग्रामीण विकास और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री ने असम के लिए करीब 5,000 करोड़ रुपये की आवासीय स्वीकृतियां प्रदान कीं। इसके तहत बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। चाय बागान श्रमिकों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल किया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पट्टा मिलने के बाद पात्र परिवारों के सर्वे की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
कृषि योजनाओं के लिए 832.70 करोड़ रुपये मंजूर
केंद्रीय मंत्री ने कृषि उन्नति योजना और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (पीएम-आरकेवीवाई) के तहत असम के लिए 832.70 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। बाढ़ प्रभावित किसानों को अतिरिक्त बीज और कृषि सहायता उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।
इसके अलावा एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) के तहत 96.87 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई है। इससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना है।
कृषि मशीनीकरण को मिलेगा बढ़ावा
असम में कृषि मशीनीकरण के लिए 33.36 करोड़ रुपये की पहली स्वीकृति भी दी गई। इसके माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित असम के लोगों की सहायता में केंद्र सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि असम के विकास के लिए धन और संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।





