गांधी नगर, छोला और बैरसिया में दबिश; 42 लीटर कच्ची शराब और 240 लीटर महुआ लाहन जब्त
भोपाल। अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने रविवार को भोपाल के गांधी नगर, छोला और बैरसिया क्षेत्र में सघन कार्रवाई की। विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध मदिरा से जुड़े 9 प्रकरण दर्ज किए।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 42 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब, 240 लीटर महुआ लाहन और 4.5 लीटर विदेशी मदिरा बरामद की। बरामद महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा क्षेत्र में संचालित कुछ शराब दुकानों का निरीक्षण कर निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।
यह कार्रवाई कलेक्टर एवं उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता भोपाल के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त भोपाल वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन में की गई। संभागीय उड़नदस्ता में पदस्थ सहायक आबकारी आयुक्त शैलेश जैन के नेतृत्व में भोपाल आबकारी टीम और संभागीय उड़नदस्ता ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
आबकारी विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
