अतिरिक्त निर्माणों के स्टे पर हाईकोर्ट में निगम पेश करेगा जवाब

125 भवनों में नक्शे से ज्यादा निर्माण का मामला, स्टे हटने के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई की तैयारी

भोपाल, 6 सितंबर। शहर में भवन अनुज्ञा से अधिक किए गए निर्माणों के मामलों में नगर निगम सोमवार को हाईकोर्ट में अपना जवाब पेश करेगा। निगम की भवन अनुज्ञा शाखा द्वारा पिछले दो से तीन वर्षों में करीब 125 भवनों को अतिरिक्त निर्माण के संबंध में नोटिस जारी किए गए थे। इन पर कार्रवाई की जानी थी, लेकिन संबंधित भवन मालिकों ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया, जिसके बाद निगम की कार्रवाई रुक गई।

नक्शे से अतिरिक्त निर्माण पर कार्रवाई

नगर निगम के अनुसार, इन भवनों में स्वीकृत नक्शे के अलावा अतिरिक्त निर्माण किए जाने का मामला सामने आया था। भवन अनुज्ञा शाखा ने संबंधित भवन मालिकों को नोटिस देकर अतिरिक्त निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। नोटिस के खिलाफ भवन मालिक हाईकोर्ट चले गए और कोर्ट से स्थगन आदेश मिलने के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई रोकनी पड़ी।

स्टे हटने पर फिर शुरू होगी कार्रवाई

निगम की ओर से सोमवार को हाईकोर्ट में जवाब पेश किया जाएगा। निगम की तैयारी है कि यदि स्टे हटता है तो संबंधित सभी भवनों के अतिरिक्त निर्माण हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू की जाएगी।

निगम अधिकारी पिछले तीन दिनों से कोर्ट में पेश किए जाने वाले जवाब की तैयारी में जुटे थे। इस दौरान भवन अनुज्ञा शाखा से जुड़ी अन्य कार्रवाई, जिसमें सीलिंग की कार्रवाई भी शामिल है, को भी रोकना पड़ा।

निगम का कहना है कि कोर्ट में जवाब पेश होने और मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अतिरिक्त निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की दिशा तय होगी।

Exit mobile version