अकबरपुर की 34.80 हेक्टेयर जमीन को वन क्षेत्र घोषित करने की मांग

भोपाल। भोपाल विकास योजना-2047 के प्रारूप में ग्राम अकबरपुर की वन भूमि को आवासीय क्षेत्र में शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। दानिश हिल्स व्यू, कोलार रोड निवासी राघवेंद्र सिंह सेंगर ने 23 अक्टूबर को आपत्ति पत्र सौंपकर सर्वे नंबर 3(एस) की 34.80 हेक्टेयर भूमि को आवासीय क्षेत्र से हटाकर G2 वन क्षेत्र घोषित करने की मांग की है।
पत्र के अनुसार, राजस्व रिकॉर्ड में यह भूमि शासकीय छोटे झाड़ के जंगल के रूप में दर्ज है। राजधानी परियोजना वन मंडल के पत्र के मुताबिक, इसके 21.02 हेक्टेयर हिस्से में वर्ष 2015-16 और 2016-17 में वृक्षारोपण किया गया था। यह क्षेत्र अब कान्हा कुंज नगर वन के नाम से जाना जाता है। आपत्तिकर्ता ने भूमि के पर्यावरणीय महत्व, जैव विविधता और बाघों के भ्रमण क्षेत्र से निकटता का हवाला देते हुए इसे संरक्षित वन के रूप में आरक्षित करने की मांग की है।





