कोचिंग संस्थान के विज्ञापन बोर्ड, दीवारों पर पोस्टर और कबाड़ी कारोबारियों पर की गई कार्रवाई
भोपाल। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को सख्त कार्रवाई की। निगम के स्वास्थ्य अमले ने खुले में गंदगी फैलाने, शासकीय दीवारों और बिजली के खंभों पर बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने वालों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में की गई, जिसमें अवैध विज्ञापन सामग्री हटाने के साथ संबंधित लोगों पर आर्थिक दंड लगाया गया।
फिजिक्स वाला के विज्ञापन बोर्ड पर दो लाख रुपये का जुर्माना
नगर निगम जोन क्रमांक-10 के वार्ड क्रमांक-45 अंतर्गत एमपी नगर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर बिना अनुमति कोचिंग क्लासेस के विज्ञापन बोर्ड लगाए जाने की शिकायत पर कार्रवाई की गई।
निगम अमले ने बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने पर Physics Wallah के संचालकों से 2 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही मौके से अवैध विज्ञापन सामग्री भी हटाई गई।
कबाड़ी व्यवसायियों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना
नगर निगम जोन क्रमांक-16 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-73 में 80 फीट मंडी रोड क्षेत्र में कबाड़ी व्यवसायियों द्वारा गंदगी फैलाने और संपत्ति विरूपण करने पर कार्रवाई की गई।
इस दौरान दो अलग-अलग मामलों में क्रमश: 40 हजार रुपये और 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और आसपास के वातावरण को खराब करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
दीवारों पर हैंडबिल चिपकाने पर कार्रवाई
नगर निगम जोन क्रमांक-9 के वार्ड क्रमांक-38 में बिना अनुमति दीवारों पर हैंडबिल चिपकाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। निगम अमले ने संबंधित व्यक्ति से 1 हजार रुपये का जुर्माना वसूला और दीवारों से प्रचार सामग्री हटवाई।
सात प्रकरणों में हुई कार्रवाई
नगर निगम ने बताया कि बुधवार की कार्रवाई में कुल सात प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 2 लाख 51 हजार रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई। निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति विज्ञापन सामग्री न लगाएं और स्वच्छता नियमों का पालन करें।
