Sports

ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस का परचम, पावरलिफ्टिंग, योगा और मार्शल आर्ट्स में जीते स्वर्ण, रजत और कांस्‍य पदक

मध्यप्रदेश पुलिस ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। आंध्र प्रदेश के अमरावती और जम्मू-कश्मीर में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 2025 में प्रदेश के पुलिस अधिकारियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते हैं। खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने मध्यप्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है।

भोपाल । अमरावती (आंध्र प्रदेश) में 13 से 17 अक्टूबर तक आयोजित पाँच दिवसीय ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर शानदार प्रदर्शन किया। पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में मंदसौर में पदस्थ आरक्षक भीम शंकर ने 105 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला रावत ने किया।

इसी प्रतियोगिता में क्राइम ब्रांच इंदौर की महिला प्रधान आरक्षक बबली खाकरे ने योगा चैंपियनशिप के सिंगल आर्टिस्टिक योगासन इवेंट में कांस्य पदक, जबकि जीआरपी इंदौर की उप निरीक्षक (अ) पूनम शर्मा ने ट्रेडिशनल योगासन सिंगल इवेंट में रजत पदक हासिल किया।

वहीं जम्मू-कश्मीर में 8 से 16 अक्टूबर तक आयोजित ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 प्रतियोगिता में भी मध्यप्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
महिला आरक्षक दीक्षा शर्मा ने पेंचक सिलेट सेनी (तुंगगल) इवेंट में रजत पदक, आरक्षक कृष्णा वसुनिया ने कराते के कुमिते इवेंट में कांस्य पदक, प्रधान आरक्षक मनोज पहारे ने कुमिते इवेंट में कांस्य पदक, और महिला आरक्षक तृप्ति पांडेय ने पेंचक सिलेट के टेंडिंग इवेंट में रजत पदक हासिल किया।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपनी लगन, परिश्रम और अनुशासन से न केवल विभाग का गौरव बढ़ाया है, बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि मध्यप्रदेश पुलिस सेवा के साथ-साथ खेल, योग और फिटनेस के क्षेत्र में भी अद्वितीय प्रतिभा रखती है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियाँ आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और पुलिस बल की सशक्त, प्रेरक एवं सकारात्मक छवि को और मजबूत करती हैं।

Related Articles